Quick Fact Check: RBI ने नहीं लॉन्च किया 1000 रुपये का सिक्का, पुरानी पोस्ट फिर से वायरल
करेंसी मार्केट में आरबीआई की तरफ से 1000 रुपये के सिक्कों को जारी किए जाने के दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। आरबीआई ने वृहदेश्वर मंदिर के 1000 साल पूरे होने के मौके पर प्रतीक चिह्न के तौर पर 1000 रुपये का सिक्का जारी किया था। यह सिक्का करेंसी मार्केट में आम चलन के लिए नहीं था।
- By: Abhishek Parashar
- Published: May 21, 2020 at 05:03 PM
- Updated: Dec 18, 2020 at 04:53 PM
नई दिल्ली (विश्वास टीम)। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 1000 रुपये के सिक्के को लॉन्च किया है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत निकला। वास्तव में 1000 रुपये के जिस सिक्के की तस्वीर को वायरल किया जा रहा है उसे वर्ष 2012 में तंजावुर के वृहदेश्वर मंदिर के 1000 साल पूरे होने के मौके पर प्रतीक चिह्न के तौर पर जारी किया गया था, जो करेंसी के तौर पर उपयोग के लिए नहीं था। इससे पहले भी यह पोस्ट कई बार सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ‘Nathuram Prajapati’ ने 1000 रुपये के एक सिक्के की तस्वीर को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, जिस पर लिखा है, ‘1000 रुपये का सिक्का। आरबीआई ने हाल ही में लॉन्च किया है। कृपया शेयर करें।’

पड़ताल
करेंसी मार्केट में मौजूद सिक्कों के बारे में आरबीआई की वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी मौजूद है। भारत का केंद्रीय बैंक भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) नोटों और सिक्कों को जारी करता है। आरबीआई की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, करेंसी मार्केट में मौजूद सिक्कों में से अधिकतम मौद्रिक मूल्य 10 रुपये है। करेंसी मार्केट में मौजूद सभी प्रकार के सिक्कों की जानकारी को आरबीआई की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर यह तस्वीर पहले भी गलत दावे के साथ वायरल होती रही है, जिसकी पड़ताल विश्वास न्यूज ने की थी। विश्वास न्यूज की पड़ताल को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: करेंसी मार्केट में आरबीआई की तरफ से 1000 रुपये के सिक्कों को जारी किए जाने के दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। आरबीआई ने वृहदेश्वर मंदिर के 1000 साल पूरे होने के मौके पर प्रतीक चिह्न के तौर पर 1000 रुपये का सिक्का जारी किया था। यह सिक्का करेंसी मार्केट में आम चलन के लिए नहीं था।
- Claim Review : RBI ने लॉन्च किया 1000 रुपये का सिक्का
- Claimed By : FB User- Nathuram Prajapati
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...









